राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने भरा नामांकन, CM विष्णुदेव साय बने प्रस्तावक

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक उनके प्रस्तावक बने।
नामांकन दाखिल करने के लिए विधानसभा पहुंची लक्ष्मी वर्मा का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ से वर्तमान में राज्यसभा में पांच सांसद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से कांग्रेस की फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। वहीं कांग्रेस के राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक जारी रहेगा। भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक है।
ऐसे में अप्रैल में खाली हो रही सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है और इसी क्रम में भाजपा की ओर से लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।

