मध्यप्रदेश

चलती ट्रेन में जज की पत्नी की मौत, वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव , साइलेंट हार्ट अटैक से गई जान !

रतलाम (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राजस्थान के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान की पत्नी उषा चौहान की ट्रेन के वॉशरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया है।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा की ओर ट्रेन से सफर कर रहे थे। दोनों ट्रेन नंबर 17606 काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस में सवार थे, लेकिन वे अलग-अलग कोच में यात्रा कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी कोच से बाहर नहीं आईं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने रेलवे पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई। ट्रेन जब जावरा स्टेशन पहुंची तो पुलिस ने संबंधित कोच के वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा। वहां उषा चौहान का शव पड़ा मिला। इस घटना से ट्रेन में हड़कंप मच गया।

डॉक्टरों के अनुसार, उषा चौहान को साइलेंट हार्ट अटैक आया था, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस दर्दनाक घटना से न्यायिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। वहीं, घटना के बाद जज राजकुमार चौहान अपनी पत्नी के पार्थिव शरीर के साथ पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!