होली के दिन पुलिस टीम पर हमला, टीआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल; सात आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर (शिखर दर्शन) //
होली के दिन बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम निपनिया में मारपीट की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। इस घटना में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन सूचना मिली थी कि पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू के साथ गांव के कुछ युवकों ने मारपीट की है। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जलेश्वर साहू को अपने साथ थाने लेकर आई, जहां वह रिपोर्ट दर्ज करा रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी ने पुलिस को फोन कर बताया कि जिन लोगों ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी, वही आरोपी घर के सामने पहुंचकर हंगामा कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान अपनी टीम के साथ दोबारा गांव के लिए रवाना हुए। रास्ते में निपनिया के पास आरोपियों की एक कार क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। पुलिस टीम कार चालक को पकड़कर थाने ले जा रही थी, तभी गांव के जावेद, अजीम, कार्तिक श्रीवास, पप्पू और उनके अन्य साथी मौके पर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे।
आरोपियों ने कार चालक को छुड़ाने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान महिला आरक्षक चंदा यादव के साथ भी बदसलूकी की गई। आरक्षक मौसम साहू की वर्दी फाड़ दी गई और उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे आरक्षक संतोष मरकाम के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। स्थिति को संभालने के लिए पहुंचे थाना प्रभारी अवनीश पासवान को भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस बल को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने किसी तरह कार चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
थाना प्रभारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।




