कपड़े बदलती युवती का बनाया वीडियो, विरोध करने पर भाई पर चाकू से हमला

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // तोरवा क्षेत्र में एक युवती का कपड़े बदलते समय मोबाइल से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के भाई के साथ मारपीट करते हुए उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल युवक को आसपास के लोगों की मदद से बचाया गया। मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार तोरवा क्षेत्र की 38 वर्षीय महिला ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ और बेटे पर हमले की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि 4 मार्च की शाम करीब चार बजे वह अपनी ननद के घर गई हुई थी। शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह घर लौटी तो उसकी बेटी ने बताया कि वह अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला मोनिस हटकेश्वर अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना रहा था।
युवती के छोटे भाई ने आरोपी को वीडियो बनाते हुए देख लिया और शोर मचा दिया। इसी बीच युवती की बुआ भी घर पहुंच गईं। उन्हें देखकर आरोपी मोनिस वहां से भागने लगा, लेकिन बुआ ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल से युवती का वीडियो डिलीट कर दिया।
घटना के कुछ समय बाद रात करीब सात बजे युवती का भाई घर के पास स्थित एक दुकान पर गया हुआ था। तभी मोनिस हटकेश्वर अपने साथियों वासु हटकेश्वर और हनी हटकेश्वर के साथ वहां पहुंच गया। तीनों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
इसी दौरान वासु हटकेश्वर ने किसी नुकीली धारदार वस्तु से युवक की पीठ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। वहीं मोनिस और हनी ने भी युवक के हाथ, पैर और पेट पर मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवक को आरोपियों से छुड़ाया।
पीड़िता की मां की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




