शादी की खुशियों में मातम: बैंड पार्टी के साथ आए युवक ने चाकू से गोदकर की दुल्हन के भाई की कर दी हत्या,

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // जिले के मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में बीते शनिवार रात शादी समारोह के चौथीया कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने पूरे इलाके को दहला दिया। गरियाबंद के मालगांव से आए दुल्हन पक्ष और समारोह में बैंड बाजा लगाने वालों के बीच नाच-गाने के दौरान झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक बैंड बाजे वाले ने दुल्हन पक्ष के भाई चंदन निषाद (23 वर्ष) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से तरुण ध्रुव की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वारदात का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मृतक का शव मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहाँ पोस्टमार्टम किया गया। मगरलोड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि मामले की पूरी तरह से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस प्रशासन ने भी इलाके में शांति बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी बढ़ा दी है।



