मंच एक, रिश्ते अनेक: संत गाडगे जी महाराज जयंती पर सामाजिक परिचय सम्मेलन

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // संत शिरोमणि श्री गाडगे जी महाराज की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बैसवारा रजक समाज बिलासपुर के तत्वाधान में सामाजिक युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि संत गाडगे जी महाराज की 150वीं जयंती 23 फरवरी को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी, जबकि इसी जयंती वर्ष को समर्पित यह विशेष सम्मेलन 1 मार्च, रविवार को लाल बहादुर शास्त्री स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का पंजीयन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ होगा। प्रातः 11:00 बजे कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा तथा 11:30 बजे से युवक-युवतियों का परिचय सत्र आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों से एक पासपोर्ट साइज का नवीन रंगीन फोटो विस्तृत बायोडाटा सहित आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने का आग्रह किया है।
सम्मेलन की विशेषता यह है कि इसमें युवक-युवतियों के साथ-साथ तलाकशुदा, विधवा एवं विधुर भी सहभागिता कर सकेंगे, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर प्राप्त हो सके। यह आयोजन समाज के भीतर वैवाहिक संबंधों के लिए एक सकारात्मक एवं संगठित पहल के रूप में देखा जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष निलेश रजक ने बैसवारा रजक समाज एवं समस्त सजातीय बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक बाबा रजक, जितेंद्र रजक, विजय चौधरी रजक, महेश रजक, बबलू रजक, नरेश रजक, विजय रजक, कल्लन रजक, लक्ष्मी रजक, जग्गू रजक, कालू रजक, शिवचरण रजक सहित समाज के अनेक सदस्य सक्रिय रूप से सतत प्रयासरत हैं।
बैसवारा रजक समाज के इस परिचय सम्मेलन का उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को एक सशक्त, सुव्यवस्थित एवं विश्वसनीय मंच प्रदान करना है, ताकि आज की व्यस्त जीवनशैली में उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश को सरल बनाया जा सके और सामाजिक समरसता को नई दिशा मिल सके।



