सरकारी स्कूल की बदहाली ने ली मासूम की जान , जर्जर स्कूल की दीवार गिरने से 5वीं कक्षा के छात्र की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

कटनी (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बमहनगवां स्थित शासकीय स्कूल में अचानक जर्जर दीवार गिरने से कक्षा 5वीं के छात्र राजकुमार बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सिर फटने के कारण खून बहने लगा, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
घायल छात्र को तत्काल विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर हालत के चलते वे बचाए नहीं जा सके। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजन रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि स्कूल भवन पहले से ही जर्जर स्थिति में था, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। अब सवाल उठ रहे हैं कि बच्चों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभाग और स्कूल प्रबंधन ने लापरवाही क्यों बरती।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



