मुंगेली की सुप्रिया ने किया कमाल, भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन प्रदेश को किया गौरवान्वित

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा की होनहार सुप्रिया ठाकुर का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। उन्होंने SSC (W) Tech-66 एंट्री के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। सुप्रिया को 17 एसएसबी बोर्ड, बेंगलुरु से रिकमेंडेशन मिला है। खास बात यह है कि इलेक्ट्रॉनिक्स वैकेंसी में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-4 प्राप्त कर देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
शिक्षा से सेवा तक का सफर
सुप्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंड्री स्कूल, तारबहार, बिलासपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने एनसीसी का ‘C’ सर्टिफिकेट प्राप्त किया, जिसने उनके भीतर सेना में अधिकारी बनकर देशसेवा का सपना और मजबूत किया।
बचपन से था वर्दी का सपना

सुप्रिया ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनने का था। इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता और भाई का अहम योगदान रहा। उनके पिता वैदेही शरण सिंह श्रीनेत और माता संतोषी सिंह श्रीनेत ने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया। परिवार मूल रूप से मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा का निवासी है, जबकि सुप्रिया की पढ़ाई-लिखाई बिलासपुर में हुई।
क्षेत्र में खुशी की लहर
सुप्रिया की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
अब सुप्रिया ट्रेनिंग एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देशसेवा का दायित्व निभाएंगी। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के दम पर गांव की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं और देश का मान बढ़ा सकती हैं।



