छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क, रायपुर में दूसरे दिन भी सबसे अधिक दिन का तापमान दर्ज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, हालांकि मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। राजधानी रायपुर में लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा की गतिविधि दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि सब-ट्रॉपिकल पश्चिमी जेट स्ट्रीम के प्रबल होने के कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट या उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 15 फरवरी को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में 15 फरवरी की सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन में धूप तेज रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की वर्षा या विशेष परिवर्तन की संभावना से इनकार किया है, जिससे प्रदेश में दिन के समय गर्माहट का असर बना रह सकता है।



