महाशिवरात्रि पर राजिम कुंभ कल्प का भव्य समापन आज, सीएम साय होंगे शामिल

रायपुर( शिखर दर्शन ) // महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज राजिम कुंभ कल्प का भव्य समापन होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शाम 6 बजे राजिम पहुंचकर समापन समारोह में शामिल होंगे। त्रिवेणी संगम के तट पर शाही स्नान, विशाल शोभायात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इस महापर्व का समापन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे रायगढ़ जिले के बाबाधाम कोसमनारा में आयोजित महाशिवरात्रि पर्व स्थापना दिवस, शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे 2:10 बजे रायगढ़ से रायपुर लौटेंगे और शाम 5:15 बजे राजिम के लिए रवाना होंगे।
शाही स्नान और शोभायात्रा बने आकर्षण का केंद्र
माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रदेशभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। संतों, धर्माचार्यों, नागा साधुओं और विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वरों की उपस्थिति में त्रिवेणी संगम तट पर पर्वस्नान, दान-पुण्य, यज्ञ, धर्म प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाशिवरात्रि के दिन विशेष शाही स्नान और विशाल शोभायात्रा मुख्य आकर्षण रहेंगे।
शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
महाशिवरात्रि पर प्रदेशभर के शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु चार प्रहर की पूजा, जलाभिषेक और विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं। राजधानी रायपुर के बाबा हटकेश्वर नाथ मंदिर, राजिम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर और कवर्धा के भोरमदेव मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की भीड़ बनी रही।
महाशिवरात्रि व्रत का पारण 16 फरवरी को सुबह 6:59 बजे से दोपहर 3:24 बजे तक किया जाएगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष 10 विशेष शुभ योगों का संयोग बन रहा है।
उर्वरक मूल्य वृद्धि पर कांग्रेस का विरोध
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार द्वारा एनपीके और पोटाश उर्वरकों की कीमत बढ़ाए जाने का विरोध किया है। एनपीके की कीमत 1,720 रुपये से बढ़ाकर 1,900 रुपये प्रति बोरी तथा पोटाश की कीमत 1,500 रुपये से बढ़ाकर 1,800 रुपये प्रति बोरी कर दी गई है। उन्होंने इसे किसान विरोधी निर्णय बताते हुए कहा कि इससे कृषि लागत बढ़ेगी और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
मैनपाट महोत्सव का समापन आज
मैनपाट महोत्सव के अंतिम दिन प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आज प्रसारित होगा ‘जिले की चिट्ठी’
आकाशवाणी रायपुर से रविवार शाम 6:05 बजे “जिले की चिट्ठी” कार्यक्रम का प्रसारण होगा, जिसमें इस बार बस्तर जिले की गतिविधियों पर विशेष जानकारी दी जाएगी।
राजधानी में आज के प्रमुख आयोजन
- आर्य समाज मंदिर, छोटापारा में प्रातः 9 से 10:30 बजे तक विश्व कल्याण महायज्ञ एवं दयानंद सरस्वती बोधोत्सव।
- वृंदावन सभागार, सिविल लाइन में अपरान्ह 3 से रात्रि 8 बजे तक शब्दाक्षर सम्मान एवं कवि सम्मेलन।
- सिविल लाइंस स्थित इंडियन वेटरनरी हॉस्पिटल में दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक कुत्तों-बिल्लियों के लिए एंटी-रेबीज टीकाकरण शिविर।
- वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में शाम 4 से 7 बजे तक आदिशक्ति वंदन सम्मान समारोह।
- सिविल लाइन स्थित हाउस नंबर 42/292 में सुबह 9:30 बजे से कानून जागरूकता सेमिनार।
महाशिवरात्रि और राजिम कुंभ कल्प के समापन के साथ आज प्रदेशभर में आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।



