साइबर, नशा और महिला अपराध पर फोकस—आईजी की बैठक में बड़ा एक्शन प्लान

आईजी रामगोपाल गर्ग की जांजगीर-चांपा पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण पर सख्त , लंबित मामलों पर फटकार, रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश
जांजगीर-चांपा // ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने शनिवार को जांजगीर-चांपा पुलिस अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर जिले की कानून-व्यवस्था का समग्र आकलन किया। बैठक पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप सहित सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
अपराधों की बिंदुवार समीक्षा, लंबित मामलों पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान हाल में दर्ज अपराधों, गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों, लंबित मामलों की विवेचना प्रगति और चालानी कार्रवाई की बिंदुवार जानकारी ली गई। आईजी ने चोरी, लूट, नकबजनी, मारपीट, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध तथा अवैध शराब और नशे के कारोबार से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस करते हुए प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।
उन्होंने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की प्राथमिकता के आधार पर तलाश कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुराने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
रात्रि गश्त और हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी और बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। आईजी ने सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और आम जनता से बेहतर समन्वय स्थापित कर शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से सतर्क रहने के निर्देश
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखने और त्वरित तथ्यात्मक प्रतिक्रिया देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। आईजी ने सभी अधिकारियों को अनुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे तथा डीएसपी अजाक सतरूपा तारम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



