रायपुर संभाग

Raipur News: वैलेंटाइन डे पर किसी ने कपल्स को किया परेशान तो होगी सख्त कार्रवाई, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की तैनाती

वैलेंटाइन डे पर रायपुर कमिश्नरेट हाई अलर्ट: पार्क, मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस तैनात, हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // वैलेंटाइन डे के अवसर पर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में पार्क, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहरवासी शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में अपना दिन मना सकें।

इन प्रमुख स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। इनमें ऊर्जा पार्क, मैगनेटो मॉल, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान गार्डन, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर सहित कई संवेदनशील स्थान शामिल हैं। इन जगहों पर पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी रहेगी।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 24 दिसंबर को क्रिसमस के दौरान मैगनेटो मॉल में हुए उत्पात की घटना को देखते हुए इस बार पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।

असामाजिक तत्वों और अनावश्यक हस्तक्षेप पर भी कार्रवाई

कमिश्नरेट क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि असामाजिक तत्वों, मनचलों और हुड़दंगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई संगठन या समूह युवक-युवतियों को अनावश्यक रूप से परेशान करता है या उन्हें प्रताड़ित करने की कोशिश करता है, तो उनके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!