भीषण सड़क हादसा: ट्रक से भिड़ी 201 कोबरा बटालियन की कार, चार जवानों की दर्दनाक मौत

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बाईपास के पास शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। 201 कोबरा बटालियन के जवानों से भरी कार और एक तेज रफ्तार ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से एक डिज़ायर कार में सवार होकर लौट रहे थे। खपरी बाईपास के समीप अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार जवान बुरी तरह अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर जवानों को बाहर निकाला। इस दर्दनाक हादसे में दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।
घायल जवान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मृत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से सुरक्षा बलों में शोक की लहर है। क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और पूरे जिले में इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।




