पीएम मोदी का असम दौरा: मोरन हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग और ब्रह्मपुत्र पर 3,030 करोड़ के सेतु का उद्घाटन

चीन-बांग्लादेश को सीधा मैसेजः असम में हाईवे पर उतरा PM Modi का प्लेन, राफेल-सुखोई और तेजस ने भी भरी उड़ान , ₹5,450 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का किया उद्घाटन

गुवाहाटी ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में तीन बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और निरीक्षण करने पहुंचे। यह दौरा असम विधानसभा चुनाव और पूर्वोत्तर में बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच बेहद अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी ने मोरन हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर उड़ान और लैंडिंग प्रदर्शन का निरीक्षण किया, जिसमें राफेल, सुखोई और तेजस समेत 16 लड़ाकू विमान शामिल थे।
मोरन हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का अनूठा प्रदर्शन

मोरन एयरस्ट्रिप NH-127 पर बनी 4.4 किलोमीटर लंबी ELF भारत की पहली ऐसी सुविधा है, जो युद्ध और आपातकाल के दौरान हाईवे से हवाई जहाजों को उतारने और उड़ान भरने में सक्षम है। यह डुअल-यूज इंफ्रास्ट्रक्चर 40 टन तक के फाइटर और 74 टन तक के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट को संभाल सकती है। इस दौरान विमान हाईवे पर लैंडिंग और टेकऑफ करके 30 मिनट तक एयर शो प्रदर्शन किया गया। यह सैन्य रणनीति की दृष्टि से महत्वपूर्ण है क्योंकि मोरन चीन बॉर्डर से मात्र 300 किलोमीटर दूर स्थित है।
₹5,450 करोड़ के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
पीएम मोदी ने गुवाहाटी में ₹5,450 करोड़ के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इनमें कामरूप जिले के अमिंगांव में पूर्वोत्तर के लिए नेशनल डेटा सेंटर का उद्घाटन भी शामिल था। यह अत्याधुनिक डेटा सेंटर 8.5 मेगावॉट की क्षमता और प्रति रैक औसतन 10 किलोवॉट क्षमता के साथ सरकारी डिजिटल अनुप्रयोगों की मेजबानी करेगा और डिजास्टर रिकवरी सेंटर के रूप में भी कार्य करेगा।
कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ब्रह्मपुत्र नदी पर बने 1.24 किलोमीटर लंबे कुमार भास्कर वर्मा सेतु का भी उद्घाटन करेंगे। करीब ₹3,030 करोड़ की लागत वाला यह छह-लेन का एक्स्ट्राडोज़्ड प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट पुल गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ता है। पुल में भूकंप संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए बेस आइसोलेशन तकनीक, हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल और ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम (BHMS) का उपयोग किया गया है। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच यात्रा का समय केवल सात मिनट रह जाएगा।
राजनीतिक और रणनीतिक मायने
मोरन हाईवे पर ELF और लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन चीन और बांग्लादेश को भी संदेश है कि भारत पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी रणनीतिक तैयारी और सुरक्षा को मजबूत कर रहा है। इस दौरे के दौरान CM हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पीएम का डिब्रूगढ़ में स्वागत किया।
पीएम मोदी का यह दौरा पिछले तीन महीनों में असम का तीसरा दौरा है, जो राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर और पूर्वोत्तर में सुरक्षा-संबंधी तैयारियों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।



