प्रदेश में बढ़ी दिन की गर्मी, रातें अभी भी ठंडी

भोपाल (शिखर दर्शन) // राज्य में सर्दी अब धीरे-धीरे विदाई ले रही है, लेकिन दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिन का तापमान लगातार बढ़ेगा, वहीं रातें अभी भी ठंडी बनी रहेंगी।
पिछले कुछ दिनों में भोपाल, इंदौर, खरगोन, नर्मदापुरम, धार, रतलाम, उज्जैन, खंडवा, ग्वालियर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, बेतूल, गुना और अन्य शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। कुछ इलाकों में यह 32-33 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे दिन के समय तेज गर्मी और तपिश महसूस हो रही है। सुबह-शाम का मौसम हालांकि हल्का ठंडा बना हुआ है।
रात के तापमान की बात करें तो पचमढ़ी और खजुराहो सबसे ठंडे स्थान बने हुए हैं, जहां रात का पारा 8-9 डिग्री के आसपास है। इसके अलावा मंदसौर, कटनी, रीवा और राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इंदौर में रात का तापमान हाल के दिनों में 14 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर दिख सकता है। इसके चलते कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है और दिन में बादलों की मौजूदगी से धूप कम तेज होगी। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि संभव है। हालांकि प्रदेश में बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है, जिसका असर सीमित रूप से मध्य प्रदेश पर पड़ेगा।



