नोहलेश्वर महोत्सव का शुभारंभ: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दमोह के विकास के लिए की बड़ी घोषणाएं

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // डॉ. मोहन यादव ने आज दमोह जिले के नोहटा में आयोजित ‘नोहलेश्वर महोत्सव’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कृषि यंत्रों एवं उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोहलेश्वर महादेव की ऐसी महिमा है कि जो यहां एक बार आता है, उसका मन बार-बार आने को करता है। उन्होंने कहा कि भगवान नोहलेश्वर महादेव के आशीर्वाद से प्रदेश सरकार पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ विकास एवं जनकल्याण के कार्यों में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोहलेश्वर महोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्सव भी है।
दमोह को मिली सौगातें: गीता भवन से लेकर सिंचाई परियोजना तक
मुख्यमंत्री ने किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए नोहटा को परीक्षण के उपरांत नगर परिषद बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दमोह में 2 करोड़ रुपए की लागत से गीता भवन का निर्माण कराया जाएगा।
जिले में 600 करोड़ रुपए की लागत से नई सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी, जिससे 33 गांवों को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त 10 करोड़ रुपए की लागत से वॉटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब और अन्य पर्यटन गतिविधियों का विकास किया जाएगा।
तेंदूखेड़ा और हटा में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए स्टेडियम बनाए जाएंगे। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर का सम्मान भी किया गया।
बुंदेलखंड के समग्र विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दमोह के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। तेंदूखेड़ा में 165 करोड़ रुपए की नई योजना को स्वीकृति दी गई है, वहीं दमोह के लिए नया फोरलेन मार्ग भी मंजूर किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में पर्यटन और उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित सभी क्षेत्रों में समान रूप से प्रयास किए जा रहे हैं। जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए 69 जैविक हाट लगाए गए हैं, जहां अब तक 28 लाख रुपए के उत्पादों की बिक्री हो चुकी है। किसानों को खाद वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था को उन्होंने सराहनीय पहल बताया।
किसानों और युवाओं के लिए विशेष योजनाएं
मुख्यमंत्री ने किसानों को अन्नदाता बताते हुए कहा कि उनकी खुशहाली से ही देश समृद्ध बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों के हितों से कभी समझौता नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि दमोह जिले को केन-बेतवा लिंक परियोजना से सिंचाई के लिए पानी मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। औद्योगिक प्रक्षेत्र के विकास से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
1100 साल पुराना है नोहलेश्वर मंदिर
मुख्यमंत्री ने बताया कि नोहटा का नोहलेश्वर मंदिर 1100 वर्ष से अधिक पुराना है, जिसका निर्माण कलचुरी साम्राज्य की महारानी नोहला द्वारा कराया गया था। महोत्सव के आयोजन से क्षेत्र के पर्यटन को नई ऊर्जा मिल रही है और धार्मिक-ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।
सरकार विकास और विरासत—दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है, जिससे दमोह और बुंदेलखंड क्षेत्र को नई दिशा और गति मिल सके।



