दुर्ग संभाग

देशी कट्टा-पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, 4 फायर आर्म्स बरामद

राजनांदगांव ( शिखर दर्शन ) // शहर में अवैध हथियारों के साथ दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे सात आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टा, दो पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया।

कब्रिस्तान के पास लहरा रहे थे हथियार

जानकारी के मुताबिक, शहर के पटरी पार क्षेत्र स्थित शंकरपुर वार्ड क्रमांक 9 के कब्रिस्तान के पास गुरुवार शाम करीब 7 बजे चीखली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक पिस्टल और देशी कट्टा लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और मौके से सात संदिग्धों को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, दो पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जिस तरह से आरोपी खुलेआम हथियार लहरा रहे थे, उससे आशंका है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

मध्यप्रदेश के धार से लाए थे हथियार

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध हथियार मध्यप्रदेश के धार जिला से लेकर आए थे। वे पहले ट्रेन से भोपाल पहुंचे और वहां से बस के जरिए हथियार लेकर लौटे।

गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि

पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। कुछ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास (धारा 307 आईपीसी), धारा 354, मारपीट समेत अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। इनके विरुद्ध पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक (प्रिवेंटिव) कार्रवाई भी की जा चुकी है।

सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियारों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!