बिलासपुर संभाग

बहन से मोबाइल पर बातचीत से भड़का भाई, साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंका , नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

जांजगीर ( शिखर दर्शन ) // जिले के राहौद चौकी अंतर्गत ग्राम धरदेई में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहन से मोबाइल पर बातचीत करने से नाराज़ नाबालिग भाई ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

तालाब में मिला शव, पहचान के बाद खुला राज

एसडीओपी यदुमणी सिदार के अनुसार 11 फरवरी की रात ग्राम धरदेई स्थित पुरेना तालाब में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रारंभिक तौर पर गुम इंसान कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़ के रूप में हुई।

मेला देखने आया था युवक

जांच में सामने आया कि राहुल चौहान 11 फरवरी को शिवरीनारायण मेला देखने आया था और मेला घूमने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई पहुंचा था। वह पहले भी यहां अक्सर आता-जाता था। इसी दौरान वह एक युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था।

बातचीत से नाराज़ भाई ने रची साजिश

युवती के नाबालिग भाई ने राहुल को बहन से मोबाइल पर बात करने से मना किया था, लेकिन राहुल के नहीं मानने पर उसने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

11 फरवरी की शाम आरोपियों ने राहुल को तालाब के पास बुलाया। वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया और फरार हो गए।

मास्टरमाइंड सहित चार गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित मास्टरमाइंड मनीष चौहान, उसके सहयोगी राजवीर आदिले और शाहिल सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 61(2) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!