दिनदहाड़े किसान से ढाई लाख की लूट, बैंक से लौटते वक्त पल्सर सवार बदमाशों ने छीना नकदी भरा बैग

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के राहौद नगर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पामगढ़ स्थित बैंक से धान बिक्री की रकम निकालकर घर लौट रहे एक किसान से बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब ढाई लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।
बैंक से निकाली थी धान बिक्री की रकम
मिली जानकारी के अनुसार किसान ने पामगढ़ की बैंक शाखा से धान बेचने की राशि निकाली थी। वह नकदी से भरा बैग लेकर राहौद स्थित अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। मौका देखते ही बदमाशों ने झपट्टा मारकर बैग छीना और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दे दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में एक आरोपी बाइक चला रहा है और हेलमेट पहने हुए नजर आ रहा है, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है।
सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी
पुलिस ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



