रफ्तार का तांडव: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, पति-पत्नी समेत तीन की मौत, एक जिंदगी से जूझ रहा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार देर रात विधानसभा थाना क्षेत्र में दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मा, उनकी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा और मांढर निवासी शुभम यादव के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद से परिजनों में मातम और क्षेत्र में शोक का माहौल है।


