भोपाल में सूटकेस में मिली महिला की लाश की शिनाख्त, पति समेत परिवार के 5 सदस्य गिरफ्तार

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सूटकेस में बंद मिली महिला की लाश की शिनाख्त हो गई है। मृतिका की पहचान सिया के रूप में हुई है, जो आरोपी समीर की तीसरी पत्नी थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि समीर ने ही अपनी तीसरी पत्नी की हत्या की थी। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से हुई।
हत्या के बाद दूसरी पत्नी को लेने जबलपुर पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी समीर पिछले पांच महीनों से सिया के साथ रह रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुरुआती महीनों में सिया, समीर और उसकी दूसरी पत्नी एक साथ रह रहे थे। लगातार झगड़ों के बाद दूसरी पत्नी जबलपुर स्थित अपने मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद समीर दूसरी पत्नी को लेने जबलपुर गया था। जैसे ही वह पत्नी के साथ भोपाल लौटा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर के साथ उसकी दूसरी पत्नी, भाई, बहन और मां को भी गिरफ्तार किया है। सभी को सुबह करीब 5:30 बजे हिरासत में लिया गया। आरोपी घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर रहता था।
बक्से में रस्सी से बांधकर पानी में डुबाई थी लाश
मामला निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमला नगर का है। आरोपी ने महिला के शव को सूटकेस में बंद कर उसमें पत्थर रखे और रस्सी से बांधकर पानी की टंकी में डुबो दिया था, ताकि शव ऊपर न आ सके।
स्थानीय युवक चबूतरा पोतने के लिए पहुंचे थे, तभी उन्होंने पानी में एक बक्सा तैरता देखा। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। जिस रस्सी से बक्सा बंधा था, उसी के सहारे पुलिस ने शव को बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, 20 संदिग्ध रडार पर
पुलिस का कहना है कि मामले में करीब 20 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। दोपहर करीब 1 बजे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की संभावना है, जिसके बाद हत्या के कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही विस्तृत खुलासा करने का दावा कर रही है।



