मुख्यमंत्री साय सरगुजा दौरे पर, मैनपाट महोत्सव का करेंगे शुभारंभ; रायपुर में विश्व रेडियो दिवस पर राष्ट्रीय आयोजन

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सरगुजा दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में बैठक में शामिल होंगे और दोपहर 12 बजे राजधानी में आयोजित विश्व रेडियो दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद वे रायपुर से सरगुजा रवाना होंगे, जहां तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत शाम लगभग 5:12 बजे रायपुर वापसी प्रस्तावित है।
विश्व रेडियो दिवस पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम
रायपुर (शिखर दर्शन) // विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर 13 फरवरी को राजधानी में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन प्रसार भारती और यूनेस्को द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे।
इस अवसर पर आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव जैन, यूनेस्को की क्षेत्रीय संचार एवं सूचना सलाहकार हज्जाज माले सहित कई जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। समारोह में विशेष डिजिटल प्रस्तुतियों का विमोचन भी किया जाएगा।
इस वर्ष विश्व रेडियो दिवस की थीम ‘रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस’ रखी गई है। इसके तहत रेडियो प्रसारण में एआई के नवाचारपूर्ण उपयोग, सामग्री निर्माण में इसकी भूमिका, श्रोताओं तक प्रभावी पहुंच और तकनीकी व नैतिक चुनौतियों पर चर्चा होगी।
शुभारंभ अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आकाशवाणी की विशेष स्मारक श्रृंखला ‘स्वाधीनता का जयघोष-वंदे मातरम्: भारत की सांस्कृतिक धरोहर – एक संगीतमय यात्रा’ के अंतर्गत छह नई संगीत प्रस्तुतियों का डिजिटल विमोचन भी किया जाएगा।
मैनपाट महोत्सव में लोक-संस्कृति का संगम
सरगुजा (शिखर दर्शन) // जिले के मैनपाट में तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव’ का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक होगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे, जबकि अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।
पहले दिन भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी प्रस्तुति देंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य की प्रस्तुति होगी।
14 फरवरी को लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार मंच संभालेंगी।
अंतिम दिन 15 फरवरी को बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव अपनी प्रस्तुति देंगे।
तीन जिलों में संशोधित गाइडलाइन दरें लागू
रायपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर, कोरिया और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में संशोधित गाइडलाइन दरें 13 फरवरी से प्रभावशील हो गई हैं। जिला मूल्यांकन समितियों से प्राप्त प्रस्तावों पर केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने विचार-विमर्श के बाद अनुमोदन प्रदान किया।
नवीन दरों की जानकारी संबंधित जिला पंजीयन कार्यालयों और विभागीय वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। अन्य जिलों के प्रस्तावों पर परीक्षण के बाद दरें चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएंगी।
मंत्री विजय शर्मा की प्रेस वार्ता आज
रायपुर (शिखर दर्शन) // गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा दोपहर 12:30 बजे छत्तीसगढ़ संवाद, नवा रायपुर में प्रेस वार्ता करेंगे। वे विभाग के विकास कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देंगे।
भाजपा सहयोग केंद्र में वन मंत्री केदार कश्यप
रायपुर (शिखर दर्शन) // भाजपा प्रदेश मुख्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) स्थित सहयोग केंद्र में आज वन मंत्री केदार कश्यप कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वित्त मंत्री ओपी चौधरी की ड्यूटी निरस्त की गई है, क्योंकि वे असम दौरे पर हैं।
राज्यसभा में किसानों का मुद्दा
रायपुर (शिखर दर्शन) // राज्यसभा में कांग्रेस सांसद फूलोदेवी नेताम ने छत्तीसगढ़ में किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कर्ज माफी, पीड़ित परिवारों को मुआवजा और अंतिम किसान तक टोकन वितरण व उपज खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।
आज के प्रमुख कार्यक्रम
रायपुर (शिखर दर्शन) //
- थैलेसीमिया व सिकलसेल कैंप – काश फाउंडेशन, स्थान: सचदेव धर्मशाला, फाफाडीह | समय: सुबह 8:30 बजे से
- वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण – दुर्गा एजुकेशन सोसाइटी, विवेकानंद महाविद्यालय, मौदहापारा (जनक बाड़ा) | समय: सुबह 9 बजे से
यह दिन प्रदेश में प्रशासनिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है, जहां एक ओर राजधानी में विश्व रेडियो दिवस पर राष्ट्रीय विमर्श होगा, वहीं मैनपाट महोत्सव में लोक-संस्कृति का रंग बिखरेगा।


