दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की आहट, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: दिन में 30 डिग्री पार, दो पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से तापमान में होगी बढ़ोतरी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम अब ठंड से राहत की ओर बढ़ रहा है। कड़ाके की ठंड का असर कम होने के साथ ही न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शहरी क्षेत्रों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है, जबकि रात में ठंड बरकरार है।
24 घंटे में तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान जगदलपुर में 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस अवधि में प्रदेश के किसी भी हिस्से में वर्षा नहीं हुई और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा।
दो पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार 13 फरवरी और 16 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि इनका सीधा असर छत्तीसगढ़ में बारिश के रूप में नहीं दिखेगा, लेकिन तापमान पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।
13 और 14 फरवरी को न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रह सकती है। शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने के संकेत हैं। दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 15–17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में दिन के समय हल्की गर्मी और रात में ठंड का मिला-जुला असर महसूस होगा।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा।



