नमीयुक्त हवाओं का असर: रायपुर में दिन का पारा चढ़ा, रातें ठंडी; 7 दिन तक मौसम शुष्क रहने के संकेत

रायपुर( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला-बदला नजर आ रहा है। नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से दिन का तापमान तेजी से बढ़ा है, जबकि रात में हल्की ठंड बरकरार है। राजधानी रायपुर में बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा की गतिविधि दर्ज नहीं की गई। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा में दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा।
अगले 7 दिन मौसम रहेगा स्थिर
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी सात दिनों तक प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में विशेष उतार-चढ़ाव के संकेत नहीं हैं।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ 77 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय है, लेकिन इसका प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। 12 फरवरी से न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।
रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में गुरुवार को सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिन में गर्माहट और रात में हल्की ठंड का यह मिला-जुला असर आने वाले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।



