मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज: बादलों के बीच कड़ाके की ठंड, 3-4 दिन तक राहत नहीं

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छा गए हैं। दिन के समय धूप की तीव्रता कम हो गई है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड का यह दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि इस दौरान बारिश या बूंदाबांदी के आसार नहीं हैं, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रह सकता है।
प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, कल्याणपुर में न्यूनतम पारा 4.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। भोपाल और इंदौर सहित अन्य बड़े शहरों में दिनभर बादल छाए रहने से ठंडक बनी हुई है, जबकि रात के समय सर्द हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं। नागरिकों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




