रायपुर संभाग

प्रकृति आधारित पर्यटन से युवाओं को मिल रहा रोजगार, बढ़ रही आत्मनिर्भरता: CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ₹10 का टिकट लेकर किया मयाली नेचर कैंप का भ्रमण, 4 नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बिल्कुल अलग अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने आम नागरिक की तरह 10 रुपये का टिकट कटाकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और वहां साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान नियमों के पालन और समानता का सशक्त संदेश देते हुए कई नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की औपचारिक शुरुआत भी की।

मुख्यमंत्री साय ने नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति-आधारित पर्यटन और साहसिक गतिविधियां पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित करती हैं।

चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने स्वयं स्पोर्ट्स मोटर बाइक (ATV) चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके बाद उन्होंने बैलून शूटिंग में बंदूक से सटीक निशाना साधकर इसका शुभारंभ किया। आर्चरी शूटिंग में तीर चलाकर निशाना साधते हुए खेल का उद्घाटन किया और माउंटेन साइक्लिंग की शुरुआत खुद साइकिल चलाकर की, साथ ही स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त नेचर कैंप में वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का भी उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर वॉल क्लाइंबर तेज सिंह और तेजल भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष वॉल क्लाइंबिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की। मुख्यमंत्री साय बॉक्स क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आए और आकर्षक शॉट लगाए।

कैक्टस गार्डन का अवलोकन

मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी भ्रमण किया, जहां विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस लगाए गए हैं। इस दौरान वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने कैक्टस के औषधीय महत्व की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!