स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत मयाली–बगीचा विकास परियोजना का भूमिपूजन, जशपुर बनेगा नया पर्यटन केंद्र

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 की उप-योजना सीबीडीडी के अंतर्गत स्वीकृत मयाली–बगीचा विकास परियोजना का मयाली नेचर कैंप में विधिवत भूमिपूजन किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से लागू होने वाली इस परियोजना के तहत मयाली, विश्व प्रसिद्ध मधेश्वर पर्वत (विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग) और बगीचा स्थित कैलाश गुफा क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह परियोजना जशपुर जिले के पर्यटन विकास के लिए ऐतिहासिक पहल है। मयाली अब तेजी से पर्यटन मानचित्र पर उभर रहा है और आने वाले समय में इसे इको-टूरिज्म और एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मधेश्वर महादेव से जुड़ी मयाली की धार्मिक पहचान को इस परियोजना से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
परियोजना के अंतर्गत मयाली डेम के समीप पर्यटक रिसोर्ट और स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण किया जाएगा। यहां स्थानीय युवाओं को टूर गाइड, होटल सेवाएं, एडवेंचर स्पोर्ट्स, हस्तशिल्प और डिजिटल बुकिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की होम-स्टे नीति के माध्यम से ग्रामीण परिवार सीधे पर्यटन से जुड़कर आय अर्जित कर सकेंगे।
विकास कार्यों से बदलेगी मयाली की तस्वीर
परियोजना के तहत मयाली क्षेत्र में 5 पर्यटक कॉटेज, कॉन्फ्रेंस एवं कन्वेंशन हॉल, भव्य प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल, आधुनिक टॉयलेट, लैंडस्केपिंग और पाथवे का निर्माण होगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शिव मंदिर क्षेत्र में प्रवेश द्वार और सुविधाओं का विकास किया जाएगा। वहीं बगीचा स्थित कैलाश गुफा परिसर में पिकनिक स्पॉट, रेस्टिंग शेड, घाट विकास, सीढ़ियों व रेलिंग का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।
परियोजना के पूर्ण होने से पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और जशपुर की सांस्कृतिक-प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


