बिलासपुर संभाग

पेशाब के लिए रुका युवक, चाबी लगी बाइक लेकर फरार हुआ चोर; ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा, 14 गाड़ियों की चाबियां व चाकू बरामद

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में बाइक चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पश्चिम बांकीमोंगरा क्षेत्र के शुक्लाखार में पेशाब के लिए रुके एक युवक की बाइक चोर लेकर फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और पीड़ित के चाचा की मदद से आरोपी को पीछा कर पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक गेवरा खदान में काम करता है और दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था। तेंदुकोना मोहल्ला पुल के पास देवरी रोड पर वह पेशाब के लिए रुका। जल्दबाजी में उसने बाइक खड़ी तो की, लेकिन चाबी निकालना भूल गया।

इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उससे बांकीमोंगरा जाने का रास्ता पूछने लगे। पीड़ित जब कुछ दूरी पर पेशाब के लिए आगे बढ़ा, तभी उनमें से एक युवक ने उसकी बाइक स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने चांदनी चौक में रहने वाले अपने चाचा को फोन कर चोर को रोकने के लिए कहा। चोर जैसे ही चांदनी चौक पहुंचा, पीड़ित के चाचा ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने एक युवती को टक्कर मार दी और फिर से भागने का प्रयास किया।

इसके बाद ग्रामीणों और पीड़ित के चाचा ने मिलकर चोर का पीछा किया और शुक्लाखार के पास उसे दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक, एक धारदार चाकू और अलग-अलग वाहनों की 14 चाबियां बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वाहन चोरी के गिरोह से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि उसके दो अन्य साथी घटना स्थल से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!