धान खरीदी को दो दिन की राहत, पर्यटन परियोजना से जशपुर को नई पहचान; रायपुर में राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां तेज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान खरीदी की अवधि दो दिन बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर 5 और 6 फरवरी को भी धान खरीदी की जाएगी। इस फैसले से उन किसानों को लाभ मिलेगा, जिन्होंने 10 जनवरी के बाद टोकन कटवाए हैं। सरकार के अनुसार जिन किसानों के पास 28, 29 और 30 जनवरी की तिथि वाले टोकन हैं, वे संबंधित खरीदी केंद्रों में इन दो दिनों के भीतर अपना धान बेच सकेंगे। इससे पहले धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय थी, लेकिन किसानों की समस्याओं और मांग को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया।
इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। मुख्यमंत्री 5 फरवरी को मयाली में बहुप्रतीक्षित मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित होंगे। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत इस परियोजना के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। परियोजना को मधेश्वर पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मयाली डेम के समीप विकसित किया जाएगा।
राजधानी रायपुर में आज प्रेस क्लब से जुड़ी एक अहम गतिविधि भी होने जा रही है। रायपुर प्रेस क्लब चुनाव के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह आज शाम 6 बजे मधुकर खेर स्मृति रायपुर प्रेस क्लब परिसर में आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा से जुड़ी खबर भी सामने आई है। दस्तावेज सत्यापन के दूसरे चरण के दूसरे अवसर में 278 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिनमें 136 दिव्यांग श्रेणी के थे। इन सभी को दस्तावेज सत्यापन के लिए अंतिम मौका देते हुए 6 फरवरी को वेरिफिकेशन की तिथि तय की गई है।
वहीं युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती का आज अंतिम अवसर है। 67वीं शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल-पुरुष) भर्ती 2026 के लिए आज आवेदन की अंतिम तिथि है। इस भर्ती के माध्यम से कुल 350 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उम्मीदवारों का चयन इंजीनियरिंग डिग्री में प्राप्त अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट कर एसएसबी इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा।
खेल और सामाजिक गतिविधियों की बात करें तो रायपुर में अग्रवाल सभा और गुढ़ियारी मोहल्ला समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रात्रिकालीन फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता टीमों को कुल 61 हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।
आध्यात्मिक क्षेत्र में भी राजधानी में आयोजन की तैयारी है। श्री कबीर पारख सिद्धांत प्रचार समिति रायपुर द्वारा 6 से 8 फरवरी तक कृष्णानगर स्थित कर्मा धाम में तीन दिवसीय कबीर पारख सत्संग ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कबीर आश्रम प्रयागराज के गुरुदेव धर्मेंद्र साहेब मुख्य वक्ता होंगे। आयोजन में भजन, प्रवचन, गुरु पूजा और युवाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।



