पचपेड़ी में पशु कल्याण पखवाड़ा शिविर आयोजित, पशुपालकों को मिला स्वास्थ्य, टीकाकरण व योजनाओं का लाभ

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) //
जिले में पशुओं के संरक्षण, स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर पशु चिकित्सा विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला बिलासपुर के मार्गदर्शन में सोमवार 2 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत पचपेड़ी स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में पशु कल्याण पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता कर विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान प्रभारी पशु चिकित्सक डॉ. पी.के. अग्निहोत्री ने पशुपालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, संतुलित चारा व्यवस्था, स्वच्छता, रोगों से बचाव, समय पर टीकाकरण एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी दी। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग बिलासपुर से पहुंचे डॉ. एल.पी. मनहर ने गोधन सेवा योजना के उद्देश्य और लाभों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक किसानों से योजना से जुड़कर गोपालन को बढ़ावा देने और पशुधन संरक्षण में सहभागिता करने की अपील की।
शिविर में पशुओं का टीकाकरण, बधियाकरण, निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए कुत्तों को रेबीज का टीका भी लगाया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पचपेड़ी के सरपंच चंद्र प्रकाश कुर्रे, उप सरपंच करण टंडन सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे। शिविर में श्रीमती योगेश्वरी जांगड़े, दिलीप गवेल, श्रीमती पुष्पा सूर्यकांत, हेमंत पाटले सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
शिविर के माध्यम से पशुपालकों में पशु स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा उन्हें विभागीय योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला।



