उज्जैन आ रहे परिवार की लड़की से ट्रेन में छेड़छाड़, विरोध पर हुई मारपीट; नागदा स्टेशन पर तनाव

उज्जैन (शिखर दर्शन) // रविवार देर रात मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में मारपीट की घटना के बाद सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न हो गया। गुजरात के दाहोद जिले से अस्थि विसर्जन के लिए उज्जैन आ रहे एक परिवार की लड़की के साथ ट्रेन में छेड़छाड़ का प्रयास किया गया। जब परिवार ने विरोध किया, तो कुछ मुस्लिम युवकों ने परिवार के सदस्यों – महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवकों – पर हमला कर दिया, जिससे बोगी में हंगामा मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय हिंदू संगठनों और नागरिकों की बड़ी संख्या रेलवे स्टेशन पर जमा हो गई। इसके जवाब में मुस्लिम समाज के लोग भी स्टेशन पहुंचे, जिससे टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। तनाव को देखते हुए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
सूत्रों के अनुसार, मुस्लिम युवकों ने खाचरोद से अपने साथियों को बुलवा लिया और करीब 50-60 युवक ट्रेन में चढ़कर मारपीट में शामिल हो गए। देर रात तक जिले भर से पुलिस बल नागदा पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में रखा।
पीड़ित परिवार ने नागदा जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा में परिवार को निजी वाहन से उज्जैन पहुंचाया। परिवार के कई सदस्य भय के चलते स्टेशन पर रोते भी नजर आए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।



