Reel बनाने का था भूत सवार….. पति ने किया मना, तो पत्नी ने फांसी लगाकर किया सुसाइड

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई में एक महिला ने सोशल मीडिया पर Reel बनाने को लेकर पति के साथ हुए विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है, जो अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी।
जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को अंजली और उनके पति के बीच सोशल मीडिया रील को लेकर विवाद हुआ। इसके कुछ समय बाद, जब उनके बच्चे ट्यूशन क्लास के लिए घर से बाहर गए, अंजली ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चे घर लौटे तो उन्होंने मां को फंदे पर लटका देखा और उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंची छावनी थाना पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और रविवार को अंजली का अंतिम संस्कार किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली सोशल मीडिया पर रील और डांस वीडियो के लिए चर्चित थी। 26 जनवरी को उसने अपना आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट साझा किया था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पिछले दिसंबर में भी अंजली ने आत्महत्या की कोशिश की थी। तब उसने धतूरा खा लिया था और गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराई गई थी, जिससे उसकी जान बच गई थी। उस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ और चिड़चिड़ी रहने लगी थी।



