बिलासपुर संभाग

अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास, आरोपी चालक गिरफ्तार

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर रविवार को एक ट्रैक्टर चालक ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। घटना ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखंडी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के बीच हुई।

जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार राहुल साहू कार्रवाई के लिए ग्राम गढ़वट पहुंचे थे। इसी दौरान खैरखंडी निवासी रितुराज सिंह द्वारा चलाए जा रहे रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने पर उसने आधी रेत नदी में फेंक दी और ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। जब नायब तहसीलदार ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। साहू ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर तेजी से बस्ती की ओर फरार हो गया।

नायब तहसीलदार ने घटना की रिपोर्ट पुलिस को दी। रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे बेलतरा तहसीलदार की कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जमानत दे दी।

जब्ती नहीं की गई रेत और ट्रैक्टर
इस घटना के बावजूद प्रशासन ने ट्रैक्टर और रेत को जब्त नहीं किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी इस तरह की कार्रवाई में शामिल रहा है और आदतन अपराधी है। नायब तहसीलदार ने थाने में आवेदन में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

रतनपुर टीआई नीलेश पांडेय ने पुष्टि की कि नायब तहसीलदार के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की गई और आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।

इस घटना से क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच जारी संघर्ष की गंभीरता सामने आई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!