परीक्षा के दौरान छात्रा से छेड़छाड़: LCIT की प्रतिष्ठा पर नया दाग

LCIT कॉलेज में परीक्षा केंद्र पर छात्रा से छेड़छाड़ का मामला, शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर के परसदा स्थित LCIT स्कूल/कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। IKS इंडियन नॉलेज सिस्टम (IKS) परीक्षा के दौरान एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन और परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी 2026 को हुई, जब छात्रा परीक्षा देने LCIT परिसर पहुंची थी। आरोप है कि परीक्षा केंद्र में चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात LCIT स्कूल के शिक्षक असीम मुखर्जी ने छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया।
घटना से आहत छात्रा ने अगले दिन 30 जनवरी को चकरभाठा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इस मामले ने न केवल परीक्षा संचालन की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं, बल्कि कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी विवाद खड़ा कर दिया है। छात्रों और अभिभावकों में भी भारी चिंता का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



