नाबालिगों ने छात्र का न्यूड वीडियो बनाया, मारपीट के बाद धमकी देकर किया ब्लैकमेल – 5 आरोपियों पर मामला दर्ज

इंदौर ( शिखर दर्शन ) // इंदौर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ने वाले कुछ लड़कों ने मिलकर एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर खजराना क्षेत्र के एक कमरे में बंद किया और उसके कपड़े उतरवाकर मारपीट की। इसके साथ ही आरोपी छात्रों ने पीड़ित का निर्वस्त्र (न्यूड) वीडियो बना लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी करण की बहन और पीड़ित छात्र एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। इसी बात को लेकर रंजिश बढ़ी और पांच लड़कों ने मिलकर यह वारदात अंजाम दी। आरोप है कि आरोपी छात्रों ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की गई तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।
घटना के समय पीड़ित के पिता की तबीयत भी खराब थी, जिससे डर के कारण परिवार ने शुरू में चुप्पी साधी। कुछ समय बाद आरोपी वीडियो पीड़ित के पिता के मोबाइल पर भेजकर उन्हें डराने का प्रयास कर चुके थे।
परिजनों को पूरी घटना का पता चलने के बाद, उन्होंने जूनी इंदौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। सभी पांच नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मोबाइल व वीडियो की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।




