प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम: पत्नी ने पति को जहर देकर उतारा मौत के घाट, मासूम बच्चों ने खोली दी मां की पोल

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र की लाटा बस्ती में एक महिला ने अपने ही पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, आरोपी महिला की यह साजिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी, क्योंकि उसके ही मासूम बच्चों के बयान ने पूरी हकीकत उजागर कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने पति को जहर देने के बाद इलाज के बहाने खुद उसे अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन जब पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की तो उन्होंने साफ बताया कि उन्होंने अपनी मां को पिता को जहर देते हुए देखा है। बच्चों के इस अहम और चौंकाने वाले बयान के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और अस्पताल से ही आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में महिला ने पति की हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसका किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध था और इसी कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, महिला के प्रेमी की तलाश जारी है। उसे पकड़ने के लिए एक विशेष टीम रायगढ़ रवाना की गई है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
इलाके में हड़कंप, सख्त कार्रवाई के संकेत
इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चों के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



