रायपुर संभाग

पुलिस में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // पुलिस मुख्यालय के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में जिले में साइबर हाइजीन और सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में पुलिस मुख्यालय से आई साइबर एक्सपर्ट्स की टीम ने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, डाटा संरक्षण, मजबूत पासवर्ड, ओटीपी और पिन की सुरक्षा तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके साथ ही फिशिंग लिंक, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।

कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बढ़ते साइबर अपराधों के तकनीकी पहलू और उनके प्रभावी नियंत्रण के लिए आधुनिक विवेचना प्रक्रियाओं पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को डिजिटल साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर त्वरित निराकरण करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और जागरूक बनाना है, ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

उप निरीक्षक अपराजिता सिंह राणा के नेतृत्व में उनकी टीम ने जिले में साइबर सेंसिटाइजेशन करते हुए कार्यशाला को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक मीना साहू, पुलिस मुख्यालय से उप निरीक्षक अपराजिता सिंह राणा के साथ साइबर कमांडो एवं साइबर क्राइम पेट्रोलिंग यूनिट की टीम, धमतरी साइबर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह और जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!