राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट जाकर उन्हें नमन किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन और विचारों को याद किया। देशभर में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांधी जयंती मनाई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है। अहिंसा परमो धर्मः तथा अहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते।”
इस अवसर पर महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को देशवासियों तक पहुंचाने के लिए कई सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।



