कोहरा बना काल ! कार और ट्रक की टक्कर में 4 की मौत, शव कार में फंसे
ग्वालियर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में घने कोहरे के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के बरेठा टोल के पास हुई, जहां ग्वालियर से भिंड जा रही कार और भिंड से ग्वालियर आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार चार लोगों की पहचान इस प्रकार हुई – कार चालक राहुल शर्मा, भूरे प्रजापति, ज्योति यादव और एक महिला। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव गाड़ियों में फंसे रहे।
टक्कर के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महाराजपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें, खासकर घने कोहरे में।



