रायपुर संभाग

जनवरी के अंत में बदलेगा मौसम का मिजाज: छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी हल्की ठंड, उत्तरी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में जनवरी के अंतिम दिनों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, एक बार फिर प्रदेश में हल्की ठंड बढ़ने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आज घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी भी जारी की है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।

सिनोप्टिक सिस्टम का प्रभाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी भारत में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसकी मुख्य हवा की गति समुद्र तल से लगभग 12.6 किलोमीटर ऊपर 130 नॉट के आसपास बनी हुई है। इसके अलावा, 2 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की संभावना जताई गई है, जिसका असर आगे चलकर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं 3 और 4 फरवरी को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं।

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 30 जनवरी को सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!