GDA ऑफिस के सामने धंसी सड़क, हुआ 4 फीट का गड्ढा, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

ग्वालियर (शिखर दर्शन) // एमपी के ग्वालियर में एक बार फिर सड़क में सुरंगनुमा गड्ढा देखने को मिला। किलागेट चौराहा से फूलबाग चौराहा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर GDA कार्यालय के सामने सड़क अचानक धंस गई, जिससे लगभग 4 फीट गहरा गड्ढा बन गया। बीते दिन हुई 63 मिलीमीटर बारिश के बाद यह स्थिति देखने को मिली, जिसने सड़क की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
इस घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे और गड्ढे में उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की सड़कों में लगातार गड्ढे बन रहे हैं, जिससे सड़क निर्माण प्रक्रिया और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठते हैं। सुनील शर्मा ने चेतावनी दी कि GDA दफ्तर के सामने अचानक गड्ढा होने से बड़ा हादसा भी हो सकता था।
बरसात और ठंड में भी सड़कें धंसती रही हैं
यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले वर्षों में बरसात में ग्वालियर की करोड़ों की लागत से बनी सड़कें भी कई बार सुरंगनुमा हो चुकी हैं। इस बार ठंड के मौसम में ही सड़क धंसने से भ्रष्टाचार और निर्माण की लापरवाही की चर्चाएं तेज हो गई हैं।



