दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार बन सकती हैं महाराष्ट्र की नई डिप्टी CM, प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल ने की महत्वपूर्ण बैठक; जल्द लिया जा सकता है फैसला

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बुधवार को बारामती में हुए विमान हादसे में आकस्मिक निधन के बाद राजनीति में हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य की नई डिप्टी CM बनाए जाने का प्रस्ताव रखा जा सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की और उनके नेतृत्व पर चर्चा की।
सूत्र बताते हैं कि सुनेत्रा पवार अपने दिवंगत पति की सीट से आगामी चुनाव लड़ सकती हैं। इसके अलावा, एनसीपी अध्यक्ष पद के लिए प्रफुल्ल पटेल का नाम भी चर्चा में है। इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बैठक कर इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में एनसीपी (एसपी) के विलय की संभावना पर भी चर्चा हो सकती है।
ज्ञात हो कि बुधवार को अजित पवार का विमान बारामती में लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में अजित पवार के अलावा एक सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर की भी मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था और अचानक कंट्रोल खो गया। चश्मदीदों के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान लड़खड़ाया और पल भर में क्रैश हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और उसमें सवार सभी लोग मारे गए।
अजित पवार पांच फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए रैलियों को संबोधित करने वाले थे। उनका यह दुर्भाग्यपूर्ण निधन राज्य और पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।



