दूसरी मंजिल से गिरने पर मजदूर की मौत, फर्नीचर चढ़ाते समय हुआ हादसा…, 3 घायल

राजनांदगांव ( शिखर दर्शन ) // शहर के स्टेशनपारा इलाके में फर्नीचर चढ़ाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चिखली पुलिस के अनुसार, यह हादसा मकान की दूसरी मंजिल में फर्नीचर ले जाते समय हुआ।
जानकारी के अनुसार, स्टेशनपारा के एक परिवार ने निरंकारी फर्नीचर से डबल बैड खरीदा था। फर्नीचर को घर की दूसरी मंजिल तक पहुँचाने के लिए दुकान के मजदूर मौके पर पहुंचे। मजदूर सभी पलंगों को रस्सी की मदद से ऊपर चढ़ा रहे थे, तभी मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया।
हादसे में 32 वर्षीय तेज राम साहू नीचे दब गए और सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, नीचे खड़े तीन अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
चिखली पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मजदूरों की सुरक्षा के इंतजाम पर सवाल उठाए जा रहे हैं।



