बीजेपी प्रदेश कार्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने तिरंगा फहराया

रायपुर (शिखर दर्शन) // 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी उपस्थित रहे।
झंडा फहराने के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमारे लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन भारत का संविधान लागू हुआ था, जिसने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने का आह्वान किया।
इसी क्रम में खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि संविधान ने हमें केवल मौलिक अधिकार ही नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों का पालन करने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। श्रीवास्तव ने सभी नागरिकों से अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत को 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता मिली थी, लेकिन 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के बाद ही भारत को एक लोकतांत्रिक, संप्रभु और गणतंत्र देश घोषित किया गया। उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान के निर्माण में कुल 2 वर्ष 11 महीने और 18 दिन का समय लगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया और गणतंत्र दिवस की गरिमा को महसूस किया।



