CG मॉर्निंग न्यूज़ : साहित्य, खेल, प्रशासन और राजनीति—आज छत्तीसगढ़ में क्या खास

रायपुर (शिखर दर्शन) //
राजधानी रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आज गुरुवार से तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य शुभारंभ हो रहा है। उद्घाटन समारोह सुबह 10:30 बजे विनोद कुमार शुक्ल मंडप में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मनोज जोशी भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल होंगे। देशभर से नामचीन साहित्यकार, कवि और वरिष्ठ पत्रकार साहित्य उत्सव में सहभागिता करेंगे। यह आयोजन 25 जनवरी तक चलेगा।
मेधावी छात्रों का होगा सम्मान
साहित्य उत्सव के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लोकभवन में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना’ के तहत प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे।
अंबिकापुर दौरे पर रहेंगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अंबिकापुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शाम 5 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे, इसके बाद करगी रोड, कोटा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। रात्रि विश्राम बिलासपुर में करेंगे।
रायपुर में आज भारत बनाम न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबला
राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा। पहला मुकाबला जीतकर भारत पहले ही सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुका है। मैच को लेकर भारी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, वहीं सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आज से रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू
राजधानी रायपुर में आज से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू कर दी गई है। IPS संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। कमिश्नरेट प्रणाली के तहत राजधानी को रायपुर पश्चिम, रायपुर मध्य और रायपुर उत्तर—तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है। गृह विभाग द्वारा अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं।
नगर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- सूर्य नारायण मंदिर का वार्षिक उत्सव
संस्थान: उत्तर भारत समाज कल्याण समिति
स्थान: हीरापुर–कबीरनगर
समय: सुबह 8 बजे से - राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी
संस्थान: रायपुर महाकोशल कला परिषद
स्थान: महाकोशल आर्ट गैलरी
समय: शाम 6 बजे से - सुरमयी संध्या
संस्थान: निमया (सेवा–जतन) फाउंडेशन एवं छत्तीसगढ़ प्रगतिशील यादव महासंघ
स्थान: वृंदावन हॉल
समय: शाम 6:30 बजे से
छत्तीसगढ़ में आज का दिन साहित्य, खेल, प्रशासनिक बदलाव और सांस्कृतिक गतिविधियों से भरपूर रहने वाला है।



