रायपुर संभाग

मेडिसिटी विकास को रफ्तार: चार माह में लीज-रजिस्ट्री पूरी, नवा रायपुर में बनेगा बॉम्बे हॉस्पिटल

नवा रायपुर में बॉम्बे हॉस्पिटल को 15 एकड़ भूमि, ₹680 करोड़ का सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनेगा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नवा रायपुर को देश के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में मंत्रालय महानदी भवन में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के बीच 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता नवा रायपुर में प्रस्तावित मेडिसिटी को नई गति देगा।

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आबंटित भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट लगभग ₹680 करोड़ की लागत से 300 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करेगा। यह ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल होगा। इससे पहले मुंबई, इंदौर और जयपुर में ट्रस्ट के अस्पताल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।

इस अस्पताल में कार्डियक साइंसेज, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर और ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर उपचार के लिए बड़े महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जिनमें डॉक्टर, नर्स, सर्जन, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे। साथ ही हेल्थकेयर से जुड़े सहयोगी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष रोजगार भी उत्पन्न होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना नवा रायपुर में मेडिसिटी के सपने को साकार करने की दिशा में निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के नागरिकों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का निवेश राज्य की नीतिगत स्थिरता, तेज निर्णय क्षमता और निवेशक-अनुकूल वातावरण पर भरोसे को दर्शाता है।

यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अंतर्गत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष परिणाम है, जिससे नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार, बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के चेयरमैन भरत तापड़िया सहित शासन एवं ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!