बलौदा बाजार स्पंज आयरन फैक्ट्री विस्फोट: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक, मृतक परिवारों को मदद का भरोसा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // बलौदा बाजार जिले के बकुलाही स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में आज एक भयानक विस्फोट हुआ, जिसमें 6 श्रमिकों की असमय मृत्यु हो गई और 5 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत हृदयविदारक बताया और मृतक श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है और शोकाकुल परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और हादसे के कारणों की तथ्यपरक जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



