रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यस्त कार्यक्रम, रायपुर पहुंचेगी भारत–न्यूजीलैंड टीमें, गांव-गांव चौपाल से जी-रामजी योजना, दिव्यांगों के लिए प्लेसमेंट कैम्प, महिला क्रिकेट ट्रायल

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10.30 बजे वे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बंगले पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे मंत्रालय में खनिज संसाधन विभाग एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम में भाग लेने एक निजी होटल जाएंगे। रात 8.30 बजे रामग्रीन बैकवुड हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात 9 बजे अपने निवास लौटेंगे।

रायपुर में भारत–न्यूजीलैंड टी-20 का रोमांच, आज पहुंचेंगी दोनों टीमें
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। जानकारी के अनुसार, दोनों टीमें आज दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच टीमों को लग्जरी बसों से होटलों तक ले जाया जाएगा। न्यूजीलैंड टीम होटल हयात और भारतीय टीम छेरीखेड़ी स्थित होटल कोर्टयार्ड में ठहरेगी। शाम 5 बजे से दोनों टीमें स्टेडियम में अभ्यास करेंगी।

गांव-गांव चौपाल लगाकर सांसद देंगे जी-रामजी योजना की जानकारी
विकसित भारत जी-रामजी योजना को लेकर भाजपा गांव स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है। इसके तहत प्रदेश के 11 सांसद अपने-अपने क्षेत्रों के 5-5 गांवों में चौपाल लगाकर किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। सांसद योजना की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी लेंगे। चौपाल से प्राप्त फीडबैक बजट सत्र से पहले पार्टी मुख्यालय भेजा जाएगा।

दिव्यांगों के लिए 23 जनवरी को विशेष रोजगार प्लेसमेंट कैम्प
दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के लिए 23 जनवरी को विशेष प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा। यह कैम्प सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष रोजगार कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, सिविल लाइन्स में लगेगा। कैम्प में निजी कंपनियां सीधे साक्षात्कार के जरिए भर्ती करेंगी। 18 से 27 वर्ष आयु के ऐसे दिव्यांग महिला-पुरुष पात्र होंगे, जो बिना व्हीलचेयर चल-फिर सकें और कंप्यूटर व अंग्रेजी का सामान्य ज्ञान रखते हों। आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।

अंडर-15 व अंडर-19 महिला क्रिकेट ट्रायल 24 जनवरी को
जगदलपुर में अंडर-15 और अंडर-19 महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल 24 जनवरी को सुबह 9 बजे से लालबाग मैदान में आयोजित होगा। बस्तर जिला क्रिकेट संघ के अनुसार, अंडर-15 के लिए जन्म तिथि 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच तथा अंडर-19 के लिए कट-ऑफ डेट 1 सितंबर 2007 तय की गई है। चयनित खिलाड़ी 28 जनवरी को कांकेर में होने वाले अगले चरण के ट्रायल में हिस्सा लेंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!