SIR प्रक्रिया पर कांग्रेस के आरोपों का उपमुख्यमंत्री शर्मा ने किया खंडन, कहा- विपक्ष कर रहा है तथ्यों का गलत प्रचार

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने SIR विवाद, कमिश्नर प्रणाली और बुल्डोजर कार्रवाई पर दिया बयान
रायपुर (शिखर दर्शन) // उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस द्वारा SIR प्रक्रिया के खिलाफ प्रदर्शन और वोटरों के नाम कटने के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “यह कैसे संभव हो सकता है कि कोई किसी का नाम कटवा दे या जोड़वा दे? कांग्रेस तथ्यों को गलत ढंग से पेश कर रही है। राजनीति करने के लिए अनावश्यक रूप से कुछ भी कहा जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग साल 2003 की वोटर लिस्ट में नहीं हैं, वे बाहरी लोग हैं, ऐसे लोगों के नाम का कटना स्वाभाविक है। SIR के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, “जब तार्किक आधार ही नहीं है, तो प्रदर्शन से क्या हासिल होगा?”
इस बीच, आज साय सरकार की बैठक में रायपुर जिले में कमिश्नर प्रणाली लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने बताया, “मुख्यमंत्री साय ने पहले ही निर्णय लिया था कि पूरे जिले के लिए इसे लागू किया जाएगा। इसे समूचे जिले की दृष्टि से देखा जा रहा है और जल्द ही मुख्यमंत्री इस पर अंतिम निर्णय करेंगे।”
राजधानी में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले में आरोपी के घर को रायपुर नगर निगम ने बुल्डोजर से ढहा दिया। इस कार्रवाई पर विजय शर्मा ने कहा, “जो हुआ है वह कानून के दायरे में हुआ है। निर्णय करना न्यायालय का काम है। हालांकि, आरोपी से जुड़ी अवैध चीजों पर कार्रवाई की गई है। यह न्यायसंगत और उचित कार्रवाई है।”



