पश्चिमी विक्षोभ का असर: छत्तीसगढ़ में रातें गर्म, ठंड के तीखे दौर की संभावना कम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभों के चलते छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान में बड़े स्तर पर गिरावट की संभावना काफी कम है, हालांकि मामूली उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
ठंड के अंतिम चरण में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने न्यूनतम तापमान में उछाल ला दिया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। माना और दुर्ग को छोड़ दें तो किसी भी मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान बेहद कम नहीं रहा। दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों तक तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि हल्की ठंड का असर बना रह सकता है। अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। कुल मिलाकर प्रदेश में ठंड अब अंतिम पड़ाव पर है और धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ता नजर आ रहा है।



